
प्राप्त जानकारी के अनुसार गोपाल कांडा अपने परिवार के साथ नेपाल भाग गया है। सूत्रों की मानें तो गोपाल कांडा को ये शक हो गया था कि दिल्ली पुलिस उसे किसी भी समय गिरफ्तार कर सकती है। इस पूरे मामले को बाखुबी से समझने और जानने के बाद बीते 9 अगस्त को गोपाल कांडा बड़े आराम से मीडिया के कैमरे के सामने गुड़गांव के अपने घर से निकला और फिर बड़ी आसानी से फरार हो गया। 8 अगस्त के बाद से गोपाल कांडा किसी को नहीं दिखे और उसके बाद से उनका फोन भी स्विचऑफ हो गया। अब पुलिस को शक है कि कांडा नेपाल या दुबई में से कहीं भागा है।
हालांकि पुलिस ने देश भर में कांडा के खिलाफ लुक आउट सर्कुलर जारी कर रखा है। साथ ही एयरपोर्ट पर भी अलर्ट जारी कर दिया है। ऐसे में दुबई की जगह कांडा के नेपाल भागने की संभावना ज्यादा है। इस बात की आशंका है कि कांडा ट्रेन या फिर हवाई जहाज की जगह अपनी गाड़ी से भागा हो। दरअसल सिलीगुड़ी में कांडा के रिश्तेदार भी रहते हैं और यहां से नेपाल जाना बड़ा आसान है। जाहिर है अगर कांडा इस देश में नहीं हैं तो फिर दिल्ली पुलिस की तमाम कोशिशें बेकार हैं। मालूम हो कि पिछले कुछ दिनों में दिल्ली पुलिस हरियाणा, गोवा, उत्तर प्रदेश, पंजाब और राजस्थान में 100 से ज्यादा ठिकानों पर छापा मार चुकी है लेकिन पुलिस को कांडा का कोई सुराग नहीं मिला।
