
जम्मू। शनिवार की देर रात तीर्थयात्रियों को लेकर अमरनाथ से लौट रही एक बस गहरी खाई में गिर गई जिसमें सवार कम से कम 15 श्रृद्धालुओं की मौत हो गई और 20 से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हो गये। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस और बचाव दल की टीमों ने शवों को बाहर निकाला और पोस्टमार्टम के लिये भेज दिया। घायलों को इलाज के लिये पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहां कुछ हालत नाजुक बताई जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार हादसा जम्मू से 165 किलोमीटर दूर दिगडोले में हुआ। पुलिस ने बताया कि तीर्थयात्री जम्मू एवं कश्मीर में अमरनाथ यात्रा संपन्न कर लौट रहे थे। बस शनिवार रात लगभग 11.30 बजे सड़क से फिसल कर गहरी खाई में जा गिरी। पुलिस ने बताया कि दुर्घटना में 15 यात्रियों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। जबकि 20 घायल हैं।
पुलिस ने बताया कि हादसा की वजह अंधेरा और बारिश हो सकती है। पुलिस ने यह भी बताया कि अंधेरे के चलते बचाव कार्य में भी परेशानी का सामना करना पड़ा मगर सभी घायलों को समय से अस्पताल पहुंचा दिया गया है। पुलिस के आला अधिकारियों की मानें तो कुछ श्रद्धालू लापता भी हैं जिनकी तलाश की जा रही है। मालूम हो कि अभी कुछ दिन पूर्व अमरनाथ जा रही बस खाई में गिर गई थी जिसमें दर्जनों लोगों की मौत हो गई थी।
Story first published: Sunday, July 15, 2012, 11:11 [IST]
